मुजफ्फरनगर में पत्नी और दो बच्चों को मारकर फंदे पर लटका पति, इलाके में फैली सनसनी

 मुजफ्फरनगर में पत्नी और दो बच्चों को मारकर फंदे पर लटका पति, इलाके में फैली सनसनी
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव घर में मिले। एक कमरे में पत्नी और दो बच्चों के शव थे, तो वहीं पति का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। माना जा रहा है कि पति ने पहले पत्नी और दो बच्चों की हत्या की उसके बाद वो फंदे पर लटक गया।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, सरवट निवासी इरशाद (32) पेंटर का काम करता था। मंगलवार सुबह उसका परिवार सोकर नहीं उठा और न ही उनके मकान का दरवाजा खुला। इरशाद के भाई नौशाद ने जब आकर देखा तो कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे में प्रवेश किया तो इरशाद का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। वहीं, उसकी पत्नी नूरीन (28) फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी थी। घर के दो छोटे बच्चे, दो साल का बेटा आहिल और एक माह की बेटी अक्शा भी बिस्तर पर मृत पाए गए।
प्रशासनिक कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों से पूरी जानकारी प्राप्त की। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, इस घटना को आत्महत्या या हत्या के किस श्रेणी में रखा जाए, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच-पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस हर संभव सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।