आधी रात दहला शांत समंदर, ईरान ने तेल से लदे विशाल कुवैती टैंकर को उड़ाया
- राष्ट्रीय विदेश
Political Trust
- March 31, 2026
- 0
- 52
- 1 minute read
तेहरान। खाड़ी देशों के शांत समंदर में एक बार फिर बारूद की गंध फैल गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के ‘खार्ग द्वीप’ को नेस्तनाबूद करने की धमकी के कुछ ही घंटों बाद, ईरान ने अपनी ताकत का खौफनाक प्रदर्शन किया है। ईरान की सेना ने दुबई बंदरगाह (Dubai Port) के पास तेल से लदे एक विशाल कुवैती टैंकर को निशाना बनाकर उड़ा दिया है। इस हमले के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में युद्ध की लपटें और तेज हो गई हैं। दुबई जैसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके के इतने करीब हुआ यह हमला बताता है कि अब कोई भी कोना सुरक्षित नहीं है। यह भयानक हादसा आधी रात के ठीक बाद हुआ, जब दुनिया सो रही थी। कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (KPC) के मुताबिक, ‘अल-सलमी’ नाम का एक विशाल कच्चा तेल टैंकर दुबई बंदरगाह के एंकरेज इलाके में खड़ा था। तभी ईरान की ओर से उस पर भीषण हमला किया गया। हमले के तुरंत बाद जहाज के बाहरी हिस्से में भीषण आग लग गई और आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया। गनीमत यह रही कि जहाज पर सवार सभी 24 क्रू मेंबर्स को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया। फिलहाल, बचाव और दमकल टीमें आग पर काबू पाने की जद्दोजहद में जुटी हैं।हमले ने न केवल युद्ध की आशंका बढ़ा दी है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने आशंका जताई है कि टैंकर को पहुंचे नुकसान के कारण समुद्र के पानी में बड़े पैमाने पर तेल फैल सकता है। अगर ऐसा हुआ, तो दुबई के तटों और समुद्री जीवों के लिए यह एक बड़ी त्रासदी साबित होगी। आपातकालीन टीमें तेल के फैलाव को रोकने के लिए घेराबंदी कर रही हैं, लेकिन युद्ध के माहौल में यह काम बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
