जेवर एयरपोर्ट का लोकार्पण कर बोले पीएम मोदी, ‘यह आपकी अमानत है, यह आपका पुरुषार्थ’

 जेवर एयरपोर्ट का लोकार्पण कर बोले पीएम मोदी, ‘यह आपकी अमानत है, यह आपका पुरुषार्थ’
Nimmi Thakur 
जेवर। पीएम मोदी आज जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का लोकार्पण करने के लिए स्टेज पर पहुंचे। इस दौरान उनका अभिनंदन किया गया। पीएम मोदी ने जब जेवर एयरपोर्ट का लोकार्पण किया तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी स्टेज पर मौजूद रहें। नोएडा एयरपोर्ट के लोकार्पण समारोह में पीएम मोदी ने कहा, अभी आधा काम हुआ है। मैंने सिर्फ पर्दा हटाया है, मैं चाहता हूं कि जो भी उपस्थित है, आप सब करें। इसलिए आप अपना मोबाइल फोन निकालिए। अपने मोबाइल फोन का फ्लैश लाइट ऑन करिए। पीएम मोदी की अपील के बाद लोगों ने भी हाथों में मोबाइल लेकर फ्लैश लाइट जलाई। इसके बाद पीएम मोदी ने कहा, अब यहां उपस्थित हर व्यक्ति इस एयरपोर्ट का लोकार्पण कर रहा है। यह आपकी अमानत है, यह आपका पुरुषार्थ है। इसलिए इसका लोकार्पण आपके हाथों से हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा, ‘ये एयरपोर्ट जनता की अमानत है। इसलिए एयरपोर्ट का लोकार्पण आप लोग करेंगे। मौजूद जनता एयरपोर्ट का लोकार्पण करे।’
सपा पर हमला बोलते हुए कहा, ‘पहले सीएम नोएडा आने से डरते थे। नोएडा को अपने हाल पर छोड़ दिया था। मुझे भी नोएडा के लिए डराया गया था। सपा वालों ने पहले नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। जेवर का यह एयरपोर्ट डबल इंजन की कार्य संस्कृति का बहुत अच्छा उदाहरण है।’
हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘यह सभी प्रोजेक्ट पूरा होना डबल इंजन की सरकार का शानदार उदाहरण है। सेमीकंडक्टर फैक्टरी भारत को तकनीकी में आगे बढ़ा रही है। मेरठ मेट्रो और नमो भारत रेल तेज और स्मार्ट कनेक्टिविटी दे रही है और यह हमारा जेवर एयरपोर्ट, पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ रहा है। आपने वीडियो में देखा, यह ऐसा एयरपोर्ट बन रहा है, जिससे हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा।’
संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘हर देश इस संकट का सामना करने के लिए कुछ न कुछ कोशिश कर रहा है। हमारा भारत भी इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है। देश वासियों की ताकत के भरोसा कर रहा है। भारत तो बहुत बड़ी मात्रा कच्चा तेल और गैस, युद्ध के प्रभावित इलाके से मंगाता है। इसलिए हर वो कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों पर, किसानों पर इस संकट का बोझ न पड़े। संकट के इस समय पर भी भारत ने अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है। मैं सिर्फ पश्चिमी यूपी की बात करूं तो पिछले कुछ सप्ताह में ही यह चौथा बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका शिलान्यास या लोकार्पण हुआ है। इन कुछ ही सप्ताह में इस दौरान नोएडा में बहुत बड़ी सेमीकंक्टर फैक्टरी का शिलान्यास हुआ। इसी काल खंड में देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन ने गति पकड़ी। इसकी काल खंड में मेरठ मेट्रो का विस्तार किया गया। इतने कम समय में आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आप सबके हाथों से लोकार्पण हो गया।’
पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा
पीएम मोदी ने कहा, ‘पश्चिम यूपी की जनता को इस एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आज का यह कार्यक्रम, भारत के नए मिजाज का प्रतीक है। आप सभी देख रहे हैं कि आज पूरा विश्व कितना चिंतित है। पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई सारे देशों में खाने-पीने के सामान पेट्रोल-डीजल, गैस आदि ऐसे कई चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है।
पीएम मोदी ने कहा, ‘कई देशों में खाने पीने की चीजों का संकट पैदा हो गया है। भारत देश वासियो की ताकत के सहारे सामना कर रहा है। सामान्य परिवारों और किसानो पर बोझ नहीं पड़े, सरकार वो काम कर रही है। संकट में विकास नहीं रुका है, यूपी में ही पिछले कुछ सप्ताह में बड़े बड़े प्रोजेक्ट मिले।’
यह विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक
पीएम मोदी ने कहा, ‘देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक बन गया है।
आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं। पहला: इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का सौभाग्य भी मुझे मिला था और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य भी मुझे मिला है। दूसरा, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे प्रतिनिधि बनाया, सांसद बनाया, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।’
पीएम ने कहा, ‘साथियों यह एयरपोर्ट आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर, फरीदाबाद इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। हिंदुस्तान और यूपी का तो होना ही होना है, यह एयरपोर्ट पश्चिम यूपी के किसानों, छोटे और लघु उद्योगों और भारत के नौवजानों के लिए अनेक अवसर देने वाला है। यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही यह विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा।