हरे निशान पर खुला बाजार, रुपया हुआ कमजोर

 हरे निशान पर खुला बाजार, रुपया हुआ कमजोर
नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार बुधवार को हरे निशान पर खुला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1610.04 अंक चढ़कर 75,678.49 अंक पर आ गया। वहीं निफ्टी 505.30 अंक चढ़कर 23,417.62 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 885.30 अंक बढ़कर 74,953.75 पर पहुंच गया; निफ्टी 307.64 अंक बढ़कर 23,220.04 पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे गिरकर 93.95 पर आ गया। घरेलू शेयर बाजार में सतर्कता  देखने को मिल रही है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सकारात्मक संकेतों के बावजूद निवेशकों की नजर भू-राजनीतिक हालात पर टिकी हुई है, जिससे उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
बैंकिंग और मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक अगले दिन बाजार अवकाश होने के कारण निवेशकों का रुख सतर्क रहेगा और बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है। वैश्विक स्तर पर शांति की उम्मीदों के बीच बाजार बेहद संवेदनशील स्थिति में हैं और किसी भी बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
जमीनी हालात अभी भी तेजी से बदल रहे हैं। इस्राइल और ईरान के बीच मिसाइल हमले जारी हैं, जबकि अमेरिका क्षेत्र में सैनिकों की तैनाती बढ़ा रहा है। ऐसे में बाजार केवल बयानों के बजाय वास्तविक प्रगति पर नजर रखेंगे।
वैश्विक संकेतों की बात करें तो अमेरिकी फ्यूचर्स और एशियाई बाजारों में तेजी देखी गई है। इसकी मुख्य वजह संभावित एक महीने के युद्धविराम की उम्मीदें हैं। साथ ही, अमेरिका द्वारा ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हवाई हमले रोकने के फैसले ने भी निवेशकों के भरोसे को कुछ मजबूती दी है।