दक्षिण कोरिया के डेयजॉन शहर में कार पुर्जे बनाने वाले कारखाने में लगी भीषण आग

 दक्षिण कोरिया के डेयजॉन शहर में कार पुर्जे बनाने वाले कारखाने में लगी भीषण आग
डेयजॉन। दक्षिण कोरिया के डेयजॉन शहर में एक कार पुर्जे बनाने वाले कारखाने में आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 50 लोग झुलस गए हैं। जिनमें 35 की हालत गंभीर है। यह जानकरी शुक्रवार को स्थानीय अधिकारियों ने दी। यह आग स्थानीय समयानुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1:17 बजे लगी।
आग की गंभीरता को देखते हुए नेशनल फायर एजेंसी ने देशभर से मदद जुटाने का आदेश जारी किया। ऐसा आदेश तब दिया जाता है, जब स्थानीय प्रशासन के लिए अकेले आग पर काबू पाना मुश्किल हो जाए। दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री किम मिन-सोक ने गृह मंत्रालय और फायर एजेंसी को तुरंत सभी जरूरी संसाधन और कर्मियों को राहत-बचाव कार्य में लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को सुरक्षित निकालने और आग बुझाने का काम तेजी से करने को कहा। प्रधानमंत्री ने डेयजॉन महानगर सरकार और पुलिस को भी निर्देश दिया कि ट्रैफिक कंट्रोल और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने जैसे कदम उठाकर किसी भी और नुकसान को रोका जाए। इससे पहले 14 मार्च को सियोल के जंग-गु इलाके के सोगोंग-डोंग में एक सात मंजिला इमारत में आग लगी थी, जिसमें 10 लोग घायल हुए थे। बताया गया था कि आग शाम करीब 6:10 बजे इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित एक गेस्टहाउस में शुरू हुई थी। इस हादसे में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जबकि 8 लोगों को हल्की चोटें आई थीं।