यशोभूमि में भारत विद्युत शिखर सम्मेलन 2026: एनएचपीसी मंडप का उद्घाटन, हरित ऊर्जा पर विशेष फोकस
निम्मी ठाकुर
नई दिल्ली- केंद्रीय ऊर्जा तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार को यशोभूमि, नई दिल्ली में आयोजित भारत विद्युत शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान एनएचपीसी (NHPC) मंडप का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी, ऊर्जा एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद नाईक सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भारत सरकार के ऊर्जा सचिव पंकज अग्रवाल, एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) भूपेंद्र गुप्ता, निदेशक (कार्मिक) उत्तम लाल, निदेशक (परियोजनाएं) संजय कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी) सुप्रकाश अधिकारी तथा निदेशक (वित्त) महेश कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।
उद्घाटन के उपरांत केंद्रीय मंत्री को एनएचपीसी द्वारा संचालित विभिन्न पहलों की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसमें विशेष रूप से जल विद्युत विकास, नवीकरणीय ऊर्जा विस्तार तथा सतत अवसंरचना के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला गया। एनएचपीसी के सीएमडी भूपेंद्र गुप्ता ने संगठन की वर्तमान एवं आगामी परियोजनाओं, तकनीकी नवाचारों तथा देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने में निभाई जा रही भूमिका को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि एनएचपीसी न केवल स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, बल्कि देश को हरित ऊर्जा की ओर अग्रसर करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
उल्लेखनीय है कि भारत विद्युत शिखर सम्मेलन 2026 का आयोजन 19 से 22 मार्च तक यशोभूमि, नई दिल्ली में किया जा रहा है। चार दिवसीय इस वैश्विक सम्मेलन की थीम “विकास को विद्युत, स्थिरता को सशक्त और वैश्विक जुड़ाव” रखी गई है। सम्मेलन में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं के बीच विचार-विमर्श, तकनीकी सत्रों तथा नेटवर्किंग के माध्यम से सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जा रहा है।
यह आयोजन देश में विश्वसनीय एवं सतत बिजली की बढ़ती मांग को रेखांकित करने के साथ-साथ ऊर्जा स्रोतों के विविधीकरण की आवश्यकता को भी उजागर करता है।
