रेवंत रेड्डी की इफ्तार राजनीति और ओवैसी से नज़दीकी पर कांग्रेस जवाब दे: प्रेम शुक्ला

 रेवंत रेड्डी की इफ्तार राजनीति और ओवैसी से नज़दीकी पर कांग्रेस जवाब दे: प्रेम शुक्ला

नई दिल्ली –भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने आज भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि रेवंत रेड्डी की राजनीतिक बयानबाजी और कुछ गतिविधियां समाज में अनावश्यक विवाद को जन्म दे रही हैं।
प्रेम शुक्ला ने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री इफ्तार कार्यक्रमों में शामिल होकर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ नज़दीकी दिखाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इफ्तार कार्यक्रमों में रेवंत रेड्डी ओवैसी की तारीफ करते हुए देश में अमन-चैन की बात करते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने इसे “तुष्टीकरण की राजनीति” करार देते हुए कहा कि कांग्रेस को इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
भाजपा नेता ने यह भी कहा कि कांग्रेस अक्सर ओवैसी की पार्टी को भाजपा की “बी-टीम” बताती रही है, लेकिन तेलंगाना में दोनों नेताओं की बढ़ती नज़दीकियां कांग्रेस के इस आरोप पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि यदि ओवैसी भाजपा की टीम हैं, तो फिर कांग्रेस के मुख्यमंत्री उनसे इतनी निकटता क्यों रखते हैं।
प्रेम शुक्ला ने आरोप लगाया कि रेवंत रेड्डी ने पहले भी हिंदू धर्म और सनातन परंपराओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचा सकते हैं और किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस प्रकार की भाषा से बचना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस नेतृत्व से भी स्पष्टीकरण मांगते हुए कहा कि पार्टी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या इस प्रकार के बयान उसकी आधिकारिक नीति का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की इस राजनीति को समझ रही है और पार्टी को अपने रुख पर जवाब देना चाहिए।