• July 17, 2026

सरयू नहर परियोजना विस्तार से पूर्वी यूपी के किसानों की बदलेगी तकदीर

 सरयू नहर परियोजना विस्तार से पूर्वी यूपी के किसानों की बदलेगी तकदीर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ‘हर खेत को जल’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा सरयू नहर परियोजना का व्यापक विस्तार किया जा रहा है, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप, इस राष्ट्रीय परियोजना के माध्यम से कुल 14.04 लाख हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में नए कुलाबों के निर्माण और नहरों के गैप्स को भरकर सिंचाई क्षमता में ऐतिहासिक वृद्धि की जा रही है, जिससे न केवल कमांड एरिया बढ़ेगा बल्कि किसानों की उत्पादकता और आय में भी भारी इजाफा होगा।
सरयू नहर परियोजना के अंतर्गत पूर्वी यूपी के नौ जिलों में कुल 9000 कुलाबों के निर्माण का लक्ष्य है। इनमें से 7345 कुलाबों का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष 1655 कुलाबों का निर्माण कार्य 2026-27 तक पूरा कर लिया जाएगा। इस पहल से लगभग 66,200 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि सिंचित होगी, जिसका लाभ रबी और खरीफ दोनों फसलों को मिलेगा। इसके साथ ही, 14 प्रमुख नहर गैप्स को भरने का काम भी युद्धस्तर पर जारी है, जिससे 27,863 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित होगा।