ईरान का अमेरिका पर निशाना, अराघची बोले- व्हाइट हाउस पूरी दुनिया से रूसी क्रूड खरीदने की लगा रहा गुहार

 ईरान का अमेरिका पर निशाना, अराघची बोले- व्हाइट हाउस पूरी दुनिया से रूसी क्रूड खरीदने की लगा रहा गुहार
तेहरान। ईरान ने अमेरिका पर निशाना साधा है। जिसमें उसने कहा कि वाशिंगटन अब उन देशों से “मिन्नतें” कर रहा है कि वे वही कच्चा तेल खरीदें, जिसे उसने पहले दबाव और प्रतिबंधों के जरिए रोकने की कोशिश की थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उसने महीनों तक भारत पर दबाव डाला कि वह रूसी तेल का आयात बंद कर दे, लेकिन अब जब ईरान के साथ तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में उथल-पुथल मची है, तो उसने अपना रुख बदल लिया है।अराघची ने एक्स पर लिखा, “अमेरिका ने महीनों तक भारत को धमकाकर रूोस से तेल का आयात बंद करवाने की कोशिश की। ईरान के साथ दो हफ्ते के युद्ध के बाद, व्हाइट हाउस अब दुनिया से – जिसमें भारत भी शामिल है – रूसी कच्चा तेल खरीदने की मिन्नतें कर रहा है।” उन्होंने यूरोपीय सरकारों पर भी निशाना साधा और उन पर ईरान के खिलाफ एक “अवैध युद्ध” का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूरोपीय सरकारें इस उम्मीद में ऐसा कर रही हैं कि इस समर्थन के बदले उन्हें रूस के साथ अपने टकराव में अमेरिका का मजबूत समर्थन मिलेगा। अराघची ने उसी पोस्ट में कहा, “यूरोप को लगा था कि ईरान के खिलाफ अवैध युद्ध का समर्थन करने से उन्हें रूस के खिलाफ अमेरिका का समर्थन मिल जाएगा। कितनी शर्मनाक बात है।” ईरानी विदेश मंत्री ने अपनी टिप्पणियों के साथ ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ की एक खबर की हेडलाइन भी साझा की, जिसमें बताया गया था कि वैश्विक तेल की कीमतों में उछाल से रूस के राजस्व में भारी बढ़ोतरी हो रही है।