कोच्चि में 480 करोड़ रुपये की मरीन इको सिटी परियोजना का शिलान्यास, एनबीसीसी निभाएगा परियोजना प्रबंधन की जिम्मेदारी
नई दिल्ली/कोच्चि
केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने गुरुवार को कोच्चि के मरीन ड्राइव क्षेत्र में प्रस्तावित मरीन इको सिटी परियोजना का ऑनलाइन माध्यम से शिलान्यास किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना केरल राज्य आवास बोर्ड (केएसएचबी) द्वारा विकसित की जा रही है, जिसमें आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन नवरत्न सीपीएसई एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड परियोजना प्रबंधन परामर्शदाता (पीएमसी) के रूप में ईपीसी आधार पर जुड़ी हुई है।
बोलगट्टी स्थित केटीडीसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में केरल के राजस्व एवं आवास मंत्री के. राजन, राज्यसभा सांसद पी.पी. सुनीर, विधायक टी.जे. विनोद, केएसएचबी की हाउसिंग कमिश्नर एवं सचिव गीता ए., आईएएस, कोच्चि की जिला कलेक्टर जी. प्रियंका, आईएएस, एनबीसीसी के निदेशक (वाणिज्य) डॉ. सुमन कुमार, केएसएचबी के बोर्ड सदस्य सुभाष पुंजकोट्टिल और तकनीकी सदस्य वी. उन्नीकृष्णन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह परियोजना कोच्चि के मरीन ड्राइव क्षेत्र में 17.9 एकड़ की प्रमुख जलतटीय भूमि पर विकसित की जाएगी और इसे स्व-संधारणीय शहरी विकास मॉडल के रूप में परिकल्पित किया गया है। परियोजना का उद्देश्य आधुनिक आवासीय, वाणिज्यिक और आतिथ्य सुविधाओं के साथ एक समग्र शहरी परिसर विकसित करना है, जिससे शहर के विकास के साथ-साथ भूमि के प्रभावी उपयोग और आर्थिक संभावनाओं को भी बढ़ावा मिल सके।
परियोजना का चरण-I लगभग 3.16 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा, जिसमें लोअर ग्राउंड फ्लोर, ग्राउंड फ्लोर और 26 मंज़िलों वाला मिश्रित उपयोग आवासीय-सह-वाणिज्यिक टावर बनाया जाएगा। इसके साथ एक सटा हुआ पार्किंग ब्लॉक भी होगा। इस चरण का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 85,733 वर्ग मीटर (करीब 9.22 लाख वर्ग फुट) होगा। भवन में लोअर और अपर ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग और सेवाएं होंगी, पहली से तीसरी मंज़िल तक खुदरा वाणिज्यिक स्थान, चौथी और पाँचवीं मंज़िल पर कार्यालय स्थान, छठी मंज़िल पर क्लब हाउस और मनोरंजन सुविधाएं तथा सातवीं से छब्बीसवीं मंज़िल तक आवासीय अपार्टमेंट होंगे। आवासीय भाग में कुल 152 प्रीमियम अपार्टमेंट होंगे, जिनमें 80 तीन बेडरूम (3BHK) और 72 चार बेडरूम (4BHK) यूनिट शामिल होंगी। इस चरण की अनुमानित लागत लगभग 480 करोड़ रुपये है। परियोजना को सीआरजेड अनापत्ति, पर्यावरणीय स्वीकृति, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सहमति, एयरपोर्ट प्राधिकरण की एनओसी, फायर प्री-एनओसी और वन्यजीव अनापत्ति सहित आवश्यक सांविधिक मंजूरियां प्राप्त हो चुकी हैं।
परियोजना के चरण-II और चरण-III का विकास शेष 14.74 एकड़ भूमि पर किया जाएगा, जिससे इस परियोजना का दायरा और व्यापक होगा। चरण-II में 105 कमरों वाला पांच सितारा श्रेणी का होटल और एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा, जिसे कोच्चि में पर्यटन और व्यावसायिक आयोजनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। वहीं चरण-III में छह आवासीय टावर बनाए जाएंगे, जिनमें कुल 952 अपार्टमेंट होंगे। इनमें 538 तीन बेडरूम और 414 चार बेडरूम यूनिट शामिल होंगी और ये टावर लोअर ग्राउंड फ्लोर, ग्राउंड फ्लोर और 28 मंज़िलों तक निर्मित किए जाएंगे। इन दोनों चरणों का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 44.2 लाख वर्ग फुट प्रस्तावित है।
एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. के.पी. महादेवास्वामी ने इस परियोजना से जुड़ने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कोच्चि की मरीन इको सिटी परियोजना एक महत्वपूर्ण जलतटीय विकास पहल है, जो संधारणीय और एकीकृत शहरी अवसंरचना के विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि एनबीसीसी इस प्रतिष्ठित परियोजना को समयबद्ध और सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए अपनी विशेषज्ञता और अनुभव के साथ पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य करेगा।
परियोजना के पूर्ण होने के बाद मरीन ड्राइव क्षेत्र में एक नई शहरी पहचान विकसित होने की उम्मीद है, जो कोच्चि के आवासीय, वाणिज्यिक और पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ शहर में नियोजित और संधारणीय शहरी विकास को भी बढ़ावा मिलेगा
