तेलंगाना के किसानों को बड़ी राहत: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 894 करोड़ रुपये की MSP खरीद को दी मंजूरी
नई दिल्ली -किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए केंद्र सरकार ने तेलंगाना के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने तेलंगाना सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए रबी 2026 सीजन के लिए 1,25,855 मीट्रिक टन फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करने की स्वीकृति प्रदान की है।
यह खरीद मूल्य समर्थन योजना (PSS) के तहत की जाएगी। इसके अंतर्गत 29,860 मीट्रिक टन चना, 37,020 मीट्रिक टन उड़द, 55,285 मीट्रिक टन मूंगफली और 3,690 मीट्रिक टन सूरजमुखी की खरीद की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया का कुल मूल्य 894 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने और उन्हें बाजार के उतार-चढ़ाव से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय तेलंगाना के किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने के साथ-साथ दलहन और तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने में भी मदद करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। इस निर्णय से किसानों को मजबूरी में कम दामों पर अपनी उपज बेचने से राहत मिलेगी और उन्हें आर्थिक सुरक्षा भी मिलेगी।
इस पहल से तेलंगाना के चना, उड़द, मूंगफली और सूरजमुखी उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और राज्य के कृषि क्षेत्र में स्थिरता, सुरक्षा और समृद्धि को नई दिशा मिलेगी।
