थाईलैंड के फुकेट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की हार्ड लैंडिंग

 थाईलैंड के फुकेट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की हार्ड लैंडिंग
फुकेट। थाईलैंड के फुकेट हवाई अड्डे पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की हार्ड लैंडिंग कराई गई। एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान- AXB938 ने हैदराबाद से उड़ान भरी थी। विमान निर्धारित समय से पहले फुकेट हवाई अड्डे पर पहुंचा और लैंडिंग के समय खराबी आ गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान के लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान की लैंडिंग का निर्धारित समय 11:40 बजे था, लेकिन यह 11:24 बजे ही उतार लिया गया। विमान में चालक दल के सात सदस्य, 131 यात्री और दो शिशु सवार थे।
लैंडिंग गियर में खराबी
जिस विमान में खराबी आई है, इसका निर्माण बोइंग कंपनी ने किया है। बोइंग के 737-800 मॉडल के इस विमान की पंजीकरण संख्या VT-BWQ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विमान की हार्ड लैंडिंग होने के कारण लैंडिंग गियर के साथ-साथ सामने वाले हिस्से में भी नुकसान पहुंचा है। नुकसान के कारण विमान को तुरंत रनवे से हटाया नहीं जा सका है। हार्ड लैंडिंग के समय विमान की गति तेज थी। राहत की बात ये रही कि विमान में सवार किसी को भी चोट नहीं लगी है। तकनीकी खराबी के बावजूद, सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
नोटिस जारी, रनवे अस्थायी रूप से बंद
फुकेट हवाई अड्डे के अधिकारियों ने घटना की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने 12:08 बजे से शाम 6:00 बजे तक के लिए एयरमैन नोटिस (नोटम) जारी किया है। इसके तहत रनवे को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की गई है।