टीएमसी को चुनाव आयोग की दो टूक ‘SIR मामला तय होगा सुप्रीम कोर्ट में’
कोलकाता। सत्ताधारी पार्टी टीएमसी ने चुनाव आयोग की प्री-पोल बैठक के बाद अपनी नाराजगी जाहिर की। पार्टी ने कहा कि एसआईआर को लेकर उठाई गई उनकी गंभीर चिंताओं को अनसुना किया गया और चुनाव आयोग ने इसे सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर छोड़ दिया।पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के प्री-पोल परामर्श बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर उनकी चिंताओं को सुना नहीं गया। बंगाल की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि पार्टी की तीन सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल को बताया गया कि चूंकि इस मुद्दे पर टीएमसी सुप्रीम कोर्ट गई है, इसलिए यह वहां तय होगा और चुनाव आयोग का इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं है। बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू, विवेक जोशी और पश्चिम बंगाल के सीईओ मनोज अग्रवाल ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से न्यू टाउन, कोलकाता के एक होटल में चर्चा की।
