गाज़ियाबाद में यूट्यूबर सलीम पर हमले का दूसरा आरोपी भी किया ढेर, दो भाइयों का हुआ अंत

 गाज़ियाबाद में यूट्यूबर सलीम पर हमले का दूसरा आरोपी भी किया ढेर, दो भाइयों का हुआ अंत

गाजियाबाद। ‘एक्स-मुस्लिम’ यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला करने वाले दूसरे आरोपी गुलफाम को भी पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की सख्त नीति के तहत पिछले 48 घंटों के भीतर पुलिस ने इस सनसनीखेज हमले के दोनों मुख्य आरोपियों—जीशान और गुलफाम—को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। दोनों पर पुलिस द्वारा एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। दोनों ही सगे भाई थे।
मुठभेड़ का घटनाक्रम
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ के अनुसार, सोमवार देर रात इंदिरापुरम थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम को दो संदिग्धों के बारे में सूचना मिली थी। पुलिस ने जब वसुंधरा के पास बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक सिपाही के भी गोली लगने की सूचना है। जवाबी कार्रवाई में हुई 20 राउंड से अधिक की फायरिंग में एक बदमाश मारा गया, जिसकी पहचान जीशान के बड़े भाई गुलफाम के रूप में हुई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से चाकू, तमंचा, पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।
यह सनसनीखेज मामला बीते शुक्रवार का है, जब गाज़ियाबाद के लोनी इलाके में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर दो हमलावरों ने उस समय हमला किया, जब वे अपने ऑफिस में थे। हमलावरों ने सलीम को गला रेतकर मारने की कोशिश की थी। सलीम के शरीर पर चाकू से 14 गहरे जख्म आए थे, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में पता चला कि आरोपी ‘मुस्लिम आर्मी मेहदी मॉडरेटर’ नामक कट्टरपंथी संगठन से जुड़े थे और सलीम की ‘एक्स-मुस्लिम’ विचारधारा व हलाला पर दिए गए बयानों से नाराज थे।