आज पूर्ण चंद्रग्रहण का दिखेगा अदभुद नजारा, जानिए क्या होगा समय

 आज पूर्ण चंद्रग्रहण का दिखेगा अदभुद नजारा, जानिए क्या होगा समय
नई दिल्ली। भारत समेत दुनियाभर के आसमान में मंगलवार को वर्ष का महत्वपूर्ण पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखाई देगा। यह दुर्लभ और मनोहारी खगोलीय नजारा भारतीय समयानुसार दोपहर 3:20 बजे आरंभ होकर शाम 6:48 बजे तक चलेगा, जबकि इसकी पूर्ण अवस्था 4:34 बजे से 5:33 बजे के बीच अपने चरम पर होगी।
देश के अधिकांश हिस्सों में यह अलौकिक दृश्य चंद्रमा उदय के समय अपने अंतिम चरण में नजर आएगा, वहीं पूर्वोत्तर भारत और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के आकाश में पूर्ण अवस्था की अंतिम झलक भी देखी जा सकेगी। ग्रहण के दौरान चंद्रमा लालिमा से आच्छादित होकर रक्तिम नारंगी आभा में दमकेगा, एक ऐसा मोहक दृश्य जिसे आम भाषा में ‘ब्लड मून’ कहा जाता है। चंद्र ग्रहण एक खगोलीय घटना है, जो तब घटित होती है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है। इस स्थिति में पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है। चंद्र ग्रहण केवल पूर्णिमा के दिन ही संभव है, क्योंकि उसी समय सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा लगभग एक सीधी रेखा में स्थित होते हैं। जब चंद्रमा पूरी तरह पृथ्वी की गहरी छाया, जिसे उम्ब्रा कहा जाता है, में प्रवेश कर जाता है तो उसे पूर्ण चंद्र ग्रहण कहा जाता है।