इस्राइली एयरस्पेस बंद होने के चलते मुंबई लौटा एअर इंडिया का विमान

 इस्राइली एयरस्पेस बंद होने के चलते मुंबई लौटा एअर इंडिया का विमान
मुंबई। अमेरिका-इस्राइल की तरफ से ईरान पर हमले के बाद खाड़ी के कई देशों में हवाई क्षेत्र का बंद कर दिया गया है। जिसकी वजह से भारत से इस्राइल और दुबई जाने वाले कई विमानों को वापस लौटना पड़ा है।
इस्राइल का हवाई क्षेत्र बंद करने के कारण एअर इंडिया की तेल अवीव जा रही उड़ान हवा में पांच घंटे बिताने के बाद मुंबई वापस लौट आई। एअर इंडिया ने बयान जारी किया कि दिल्ली से तेल अवीव के लिए शनिवार को रवाना हुई उड़ान संख्या एआई139 हवा में पांच घंटे बिताने के बाद वापस लौट आई। इस्राइल का हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रियों व क्रू सदस्यों की सुरक्षा के मद्देनजर उड़ान को वापसी में मुंबई में उतारा गया। ‘जरूरत के हिसाब से संचालन में बदलाव करेंगे’
एअर इंडिया ने कहा, हम अपनी उड़ान संचालन के लिए सुरक्षा और संरक्षा के माहौल का आकलन करना जारी रखेंगे और आवश्यकतानुसार सक्रिय रूप से संचालन में बदलाव करेंगे। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार, बोइंग 777 विमान से संचालित एअर इंडिया की यह उड़ान पांच घंटे से अधिक समय तक हवा में रही और एयरलाइन ने सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में पहुंचने पर वापस लौटने का फैसला किया। एअर इंडिया ने इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया।
एअर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई जा रही उड़ान को भी वापस लौटना पड़ा। कंपनी ने बताया कि शनिवार दोपहर लगभग 12:45 बजे 145 यात्रियों के साथ रवाना हुई यह फ्लाइट प्रतिबंध के चलते बीच रास्ते से ही लौट गई। उसे दुबई में लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई। उड़ान को वापस तिरुचिरापल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। वहीं, इंडिगो ने भी कहा कि वह ईरान और आसपास के हवाई क्षेत्र की स्थिति पर करीबी से नजर बनाए हुए है। यात्रियों से प्रस्थान से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की अपील की है। विमानन कंपनी ने पश्चिम एशिया के लिए सभी उड़ानें फिल्हाल रद्द कर दी हैं।