बोलिविया में हाईवे पर नोटों से भरा विमान क्रैश, 15 की मौत

 बोलिविया में हाईवे पर नोटों से भरा विमान क्रैश, 15 की मौत
ला पाज। दक्षिण अमेरिकी देश बोलिविया में विमान हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है और कई लोगों के घायल होने की सूचना है। बोलिवियन वायुसेना का विमान नोटों से भरा था और उड़ान भरने के बाद क्रैश होकर हाईवे पर जा पहुंचा। इसके बाद कई गाड़ियों की टक्कर भी विमान से हुई।
बोलिविया की राजधानी ला पाज के पास बड़ा विमान हादसा हो गया। एक मालवाहक (कार्गो) विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी दमकल विभाग के प्रमुख पावेल टोवर ने दी है।
हादसा उस समय हुआ जब विमान रनवे से फिसलकर पास के शहर एल आल्टो की एक हाईवे पर जा घुसा। वहां चल रही कई गाड़ियों को उसने टक्कर मार दी। अधिकारियों के मुताबिक कम से कम 15 वाहन इस दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुए हैं। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि जिन लोगों की मौत हुई, वे विमान में सवार थे या सड़क पर मौजूद गाड़ियों में थे।
वायुसेना का हरक्यूलिस विमान क्रैश
बताया जा रहा है कि यह विमान बोलिविया वायुसेना का हरक्यूलिस विमान था, जो देश के केंद्रीय बैंक से नए छपे नोट दूसरे शहरों में ले जा रहा था। हादसे के बाद विमान में आग लग गई, लेकिन दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
बिखरे नोट और विमान के मलबा
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में सड़क पर विमान का मलबा, पूरी तरह तबाह गाड़ियां और बिखरे हुए नोट दिखाई दे रहे हैं। बड़ी मात्रा में नकदी एयरपोर्ट के बाहर फैल गई थी, जिसे उठाने के लिए सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को दंगा-रोधी उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा।