सिंगापुर में हुई यूपी में निवेश की बरसात, सीएम योगी के दौरे से मिले 1 लाख करोड़ के प्रस्ताव

 सिंगापुर में हुई यूपी में निवेश की बरसात, सीएम योगी के दौरे से मिले 1 लाख करोड़ के प्रस्ताव
सिंगापुर/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय सिंगापुर दौरे ने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है। भ्रमण के दूसरे दिन मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दो दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश को लगभग 01 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 60 हजार करोड़ रुपये के एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर भी हो चुके हैं। योगी ने विश्वास जताया कि ये निवेश उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लीडरशिप में भारत की छवि वैश्विक स्तर पर बदली है, जिसका सीधा लाभ उत्तर प्रदेश को मिल रहा है। आज दुनिया के लोग यूपी के बारे में सकारात्मक सोच रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में सिंगापुर के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विभिन्न मंत्रियों के साथ-साथ टेमासेक, जीआईसी और ब्लैक स्टोन जैसी दिग्गज कंपनियों के सीईओ से उनकी सार्थक बातचीत हुई है।
जेवर एयरपोर्ट में ‘सिंगापुर’ जैसी कार्गो और MRO सुविधा
मुख्यमंत्री योगी ने एक महत्वपूर्ण योजना साझा करते हुए कहा कि सिंगापुर को एयरक्राफ्ट के मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉलिंग (MRO) में महारत हासिल है। वर्तमान में भारत सहित दुनिया भर के विमान रिपेयरिंग के लिए सिंगापुर आते हैं। अब ऐसी ही विश्वस्तरीय सुविधा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) में विकसित की जाएगी। सिंगापुर की कंपनियां इस क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के साथ सहयोग करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
हर जिले में बनेगा ‘सरदार पटेल’ इंडस्ट्रियल जोन कौशल विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए ‘लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने सिंगापुर के आईटीई सेंटर (ITE) का उदाहरण देते हुए कहा कि यूपी की डबल इंजन सरकार स्केल को स्किलिंग और स्किलिंग को एम्प्लॉयमेंट में बदलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रही है।