अमेरिका के साथ जारी तनाव के बीच ईरान छोड़ने की सलाह: भारतीय दूतावास ने जारी की एडवायजरी

 अमेरिका के साथ जारी तनाव के बीच ईरान छोड़ने की सलाह: भारतीय दूतावास ने जारी की एडवायजरी
नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका में जारी तनाव के बीच भारत ने ईरान में रहने वाले भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इससे पहले पोलैंड और सर्बिया ने भी अपने नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया था। अमेरिका ने पिछले 22 साल में मिडिल ईस्ट में सबसे बड़ी सैन्य तैनाती की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस्लामिक रिपब्लिक के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर सैन्य कार्रवाई की धमकी भी दे रहे हैं। इन्हीं सब चेतावनियों और धमकियों के बीच अलर्ट जारी किए जा रहे हैं। ईरान में भारतीय दूतावास ने लिखा, “भारत सरकार की 5 जनवरी 2026 की एडवाइजरी को जारी रखते हुए, और ईरान में बदलते हालात को देखते हुए, जो भारतीय नागरिक अभी ईरान में हैं (छात्र, तीर्थयात्री, बिजनेस करने वाले और टूरिस्ट) उन्हें सलाह दी जाती है कि वे कमर्शियल फ्लाइट समेत ट्रांसपोर्ट के मौजूद तरीकों से ईरान छोड़ दें।”
भारतीय दूतावास ने आगे लिखा कि एडवाइजरी में यह दोहराया जाता है कि सभी भारतीय नागरिकों और पीआईओ को पूरी सावधानी बरतनी चाहिए, विरोध या प्रदर्शन वाली जगहों से बचना चाहिए, ईरान में भारतीय एम्बेसी के संपर्क में रहना चाहिए और किसी भी डेवलपमेंट के लिए स्थानीय मीडिया पर नजर रखनी चाहिए। भारतीय एंबेसी ने ईरान में सभी भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे अपने ट्रैवल और इमिग्रेशन डॉक्यूमेंट्स, जिनमें पासपोर्ट और आईडी शामिल हैं, अपने पास तैयार रखें। उनसे इस बारे में किसी भी मदद के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क करने का अनुरोध किया जाता है। मदद के लिए भारतीय दूतावास ने अलर्ट भी जारी किया है।