इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में एक मजबूत शक्ति के रूप में उभरा भारत

 इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में एक मजबूत शक्ति के रूप में उभरा भारत
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में HCL-फॉक्सकॉन की ‘इंडिया चिप’ सेमीकंडक्टर परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम में वर्चुअली हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह परियोजना देश में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में एचसीएल-फॉक्सकॉन संयुक्त उद्यम परियोजना इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के ग्राउंडब्रेकिंग समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। यह परियोजना देश में सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्टर एक बुनियादी तकनीक है, जिसके विकसित होने से देश में कई तरह के विनिर्माण क्षेत्रों का विस्तार संभव होता है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग बहु-स्तरीय ढांचे की तरह होता है और अब यह काम जेवर की इस भूमि पर आगे बढ़ेगा, जिससे भारत के तकनीकी और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
भारत के कुल निर्यात में इलेक्ट्रॉनिक्स तीसरे स्थान पर आ गया
वैष्णव ने यह भी कहा कि पिछले करीब 11.5 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में एक मजबूत शक्ति के रूप में उभरा है। जहां पहले देश में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग नगण्य थी, वहीं अब इसका आकार करीब 12 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है और भारत के कुल निर्यात में इलेक्ट्रॉनिक्स तीसरे स्थान पर आ गया है।
21वीं सदी की ताकत सेमीकंडक्टर है- पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 21वीं सदी में सेमीकंडक्टर वही ताकत रखते हैं, जो 20वीं सदी में तेल के पास थी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान छोटे से चिप की सप्लाई चेन की कमजोरी ने दुनिया को इसकी अहमियत समझाई और भारत ने इस चुनौती को अवसर में बदलते हुए चिप निर्माण में आत्मनिर्भर बनने का लक्ष्य तय किया है।