घर से निकलने से पहले जान ले दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी, महाजाम से बचने को वैकल्पिक मार्ग चुने

 घर से निकलने से पहले जान ले दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी, महाजाम से बचने को वैकल्पिक मार्ग चुने
नई दिल्ली। दिल्ली के भारत मंडपम में एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन चल रहा है। मेगा आयोजन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शहर भर में 10 हजार से अधिक ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया है।
भारत मंडपम में आयोजित हो रहे एआई इम्पैक्ट समिट के मद्देनजर, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार की शाम से यातायात में विशेष इंतजामों की घोषणा की है। भारत मंडपम के आसपास वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए, शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। इस दौरान नई दिल्ली क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जाम लगने की संभावना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और यात्रा पहले से प्लान करने की सलाह दी है।
वीवीआईपी मूवमेंट और ट्रैफिक प्रतिबंध
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और 85 से अधिक मंत्रियों के समिट में शिरकत करने के कारण, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शाम 4 बजे से वीवीआईपी काफिले की आवाजाही शुरू हो जाएगी, जो रात 10 से 11 बजे तक जारी रह सकती है। इस अवधि में, नई दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात को नियंत्रित किया जाएगा और वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। ऑफिस से लौटने वाले लोगों और यात्रियों को भारी जाम का सामना करना पड़ सकता है।
जाम की स्थिति बनी
दिल्ली में दोपहर से ही जाम लगना शुरू हो गया है, हालांकि अभी वीआईपी मूवमेंट ज्यादा शुरू नहीं हुआ है। विदेशी मेहमान जिन होटलों में ठहरे हुए हैं, वहां के मार्गों के हालात बहुत ज्यादा खराब हो गए हैं। इन मार्गों पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई है। ओबरॉय होटल के पास लाला लाजपत राय मार्ग, लोधी रोड, एसबी मार्ग, निजामुद्दीन इंडिया गेट लोधी कॉलोनी और आदि जगह जाम हो गया है। इसके अलावा अशोक रोड के बंद कर देने से नई दिल्ली के कई मार्गों पर भी जबरदस्त जाम लग गया है।
भारी संख्या में ट्रैफिक पुलिस कर्मी ट्रैफिक को संभालते हुए नजर आ रहे हैं। इसके बावजूद दोपहर में ही हालात बिगड़ गए हैं। हालांकि समिट में सभी विदेशी मेहमान व प्रधानमंत्री समेत अन्य शाम के समय प्रगति मैदान जाएंगे। हालांकि, दिल्ली में चारों तरफ सुरक्षा के पुख्ता इल्जाम दिखे जगह-जगह अर्ध सैनिक बलों व दिल्ली पुलिस के जवानों को तैनात किया है।