एनबीसीसी ने सार्वजनिक शिक्षा अवसंरचना में स्थापित किया नया मानक: सरोजिनी नगर में सीएम श्री स्कूल का उद्‌घाटन

 एनबीसीसी ने सार्वजनिक शिक्षा अवसंरचना में स्थापित किया नया मानक: सरोजिनी नगर में सीएम श्री स्कूल का उद्‌घाटन

नई दिल्ली, 17 फरवरी 2026। सरोजिनी नगर में नवनिर्मित सीएम श्री स्कूल का भव्य उद्‌घाटन आज माननीय केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा किया गया। इस अवसर पर  रेखा गुप्ता, माननीय मुख्यमंत्री, दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (जीएनसीटीडी),  आशीष सूद, माननीय मंत्री (गृह, विद्युत, शहरी विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा), जीएनसीटीडी सरकार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह में श्री के. पी. महादेवस्वामी, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भागीदारी की।
एनबीसीसी द्वारा निर्मित यह अत्याधुनिक विद्यालय विश्वस्तरीय शैक्षिक अवसंरचना उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। लगभग 1,800 विद्यार्थियों की क्षमता वाले इस जी+3 संस्थागत भवन का निर्माण लगभग 7,230 वर्ग मीटर (करीब 80,000 वर्ग फुट) क्षेत्र में किया गया है। विद्यालय परिसर में 60 विशाल कक्षाएँ, 6 आधुनिक प्रयोगशालाएँ, समृद्ध पुस्तकालय तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु आवश्यक सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। भवन को बाधारहित बनाया गया है तथा 13-यात्री क्षमता वाली लिफ्ट सहित समावेशी और सुगम अवसंरचना सुनिश्चित की गई है, जिससे सभी विद्यार्थियों के लिए समान अवसर उपलब्ध हों।
यह परियोजना गृहा 3-स्टार हरित भवन मानकों के अनुरूप विकसित की गई है, जो संधारणीय और उत्तरदायी विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ऊर्जा-कुशल प्रकाश व्यवस्था, लो-फ्लो प्लंबिंग फिक्स्चर तथा सौर ऊर्जा चालित स्ट्रीट लाइटिंग जैसी व्यवस्थाएँ पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने में सहायक हैं। उन्नत जल प्रबंधन प्रणाली संसाधनों के अनुकूल उपयोग को सुनिश्चित करती है, जिससे यह परियोजना राष्ट्रीय संधारणीय लक्ष्यों के अनुरूप एक आदर्श मॉडल के रूप में उभरती है।
विद्यालय के डिज़ाइन में सुरक्षा और सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी गई है। विशाल प्रार्थना स्थल, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए उन्नत मंच, सुरक्षित खिड़की संरचना तथा सुव्यवस्थित लेआउट विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, प्रेरणादायक और जीवंत शिक्षण वातावरण प्रदान करते हैं। आधुनिक सौंदर्यबोध और कार्यात्मकता के संतुलन के साथ विकसित यह अवसंरचना भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।
सीएम श्री स्कूल, आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के तत्वावधान में एनबीसीसी द्वारा किए जा रहे सरोजिनी नगर के व्यापक पुनर्विकास परियोजना का अभिन्न हिस्सा है। इस महत्वाकांक्षी योजना में लगभग 7,500 आधुनिक आवासीय इकाइयों के साथ एक मिलियन वर्ग फुट से अधिक सामाजिक अवसंरचना का विकास शामिल है, जिसमें विद्यालय, बारात घर, आंगनवाड़ी, सुविधा बाजार आदि सम्मिलित हैं। विद्यालय के निकट सार्वजनिक पुस्तकालय, खेल परिसर और स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का भी निर्माण किया जा रहा है, जो क्षेत्रीय सामाजिक ताने-बाने को और सुदृढ़ करेंगे। परियोजना पूर्ण होने पर विद्यालय को दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग को सौंप दिया जाएगा।
सीएम श्री स्कूल का यह उद्‌घाटन रूपांतरणकारी अवसंरचना के माध्यम से राष्ट्र-निर्माण की दिशा में एनबीसीसी की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आधुनिक, संधारणीय और छात्र-केंद्रित संस्थानों के निर्माण के माध्यम से एनबीसीसी निरंतर ऐसे शिक्षण परिवेश विकसित कर रहा है, जहाँ नई पीढ़ी सीखने, नवाचार करने और समृद्ध भविष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित हो सके।