बांग्लादेश के प्रधानमंत्री बनेंगे तारिक रहमान, शपथ ग्रहण समारोह में भारत को न्योता

 बांग्लादेश के प्रधानमंत्री बनेंगे तारिक रहमान, शपथ ग्रहण समारोह में भारत को न्योता

ढाका। बांग्लादेश में मंगलवार को तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी सरकार का शपथ ग्रहण होगा। इस समारोह के लिए बांग्लादेश ने भारत समेत 13 देशों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। हालिया चुनाव में बीएनपी ने भारी बहुमत हासिल किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस जीत पर तारिक रहमान को बधाई दी है।

बांग्लादेश की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 17 फरवरी को होने जा रहा है। बीएनपी के मुखिया तारिक रहमान बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन बांग्लादेश की अंतरिम सरकार करेगी। इस खास मौके के लिए अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने भारत समेत 13 देशों के नेताओं को न्योता भेजा है।

राजनयिक सूत्रों के अनुसार, आमंत्रित देशों की सूची में भारत, चीन, पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन संसद के साउथ प्लाजा में होगा। बीएनपी ने हाल ही में हुए आम चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है।

इससे पहले, शनिवार को बीएनपी नेता एएनएम एहसानुल हक मिलन ने उम्मीद जताई थी कि आगामी शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाएगा और वह इस समारोह में जरूर शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की विदेश नीति “सबके साथ दोस्ती और किसी से दुश्मनी नहीं” के सिद्धांत पर जोर दिया। मिलन ने इसे एक सामान्य शिष्टाचार बताया और कहा कि पूरी दुनिया इस बदलाव में उनके साथ खड़ी होगी।

बीएनपी ने जीत के बाद बधाई संदेश भेजने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का शुक्रिया भी अदा किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पार्टी ने लिखा कि वे भारत के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं। बीएनपी ने आपसी सम्मान और क्षेत्रीय शांति के आधार पर भारत के साथ रिश्तों को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई है। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश में बीएनपी की चुनावी जीत के बाद तारिक रहमान को हार्दिक शुभकामनाएं दी थीं।