निवेशकों ने सोने में एक माह में किया 24 हजार करोड़ रुपये का निवेश

 निवेशकों ने सोने में एक माह में किया 24 हजार करोड़ रुपये का निवेश
नई दिल्ली। जनवरी 2026 में निवेशकों का मूड साफ तौर पर बदला नजर आया। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और दुनिया भर में बढ़ते तनाव के बीच लोगों ने सुरक्षित निवेश की तलाश शुरू कर दी। इसी वजह से निवेशकों ने बड़ी संख्या में गोल्ड ETF में पैसा लगाया। म्युचुअल फंड संस्था AMFI के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी में गोल्ड ETF में करीब 24 हजार करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ। यह दिसंबर 2025 के मुकाबले लगभग दोगुना है।
शेयरों से ज्यादा पैसा गया गोल्ड ETF में
इस बार हैरानी की बात यह रही कि गोल्ड ETF में आया निवेश शेयर आधारित म्युचुअल फंड से भी ज्यादा रहा। जनवरी में इक्विटी फंड्स में करीब 24,028 करोड़ रुपये का निवेश हुआ, जबकि गोल्ड ETF में इससे थोड़ा ज्यादा ( 24,039.96 करोड़ रुपये) पैसा आया। इसका साफ मतलब है कि निवेशक अभी मुनाफे से ज्यादा सुरक्षा को अहमियत दे रहे हैं।
दूसरे निवेश विकल्पों में भी जबरदस्त पैसा
गोल्ड ETF के साथ-साथ इंडेक्स फंड, दूसरे ETF और विदेशों में निवेश करने वाले फंड्स में भी जमकर पैसा आया। AMFI के मुताबिक, जनवरी 2026 में इन सभी को मिलाकर करीब 39,955 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। यह दिखाता है कि लोग अब सिर्फ शेयर बाजार पर निर्भर नहीं रहना चाहते।