फरीदाबाद जेल में आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या 

 फरीदाबाद जेल में आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या 
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले की जिला जेल में बंद 20 साल के आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या की खबर सामने आई है। जेल में ही बंद कश्मीरी युवक अरुण चौधरी ने रविवार रात अब्दुल रहमान के सिर में नुकीली वस्तु से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जेल में मौजूद वार्डन ने घायल को तुरंत जेल के अस्पताल में पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नीमका स्थित जिला जेल में जम्मू-कश्मीर के करीब 40 से 50 आतंकियों को स्पेशल सेल में रखा गया है। उसी जेल की एक सेल में अब्दुल रहमान और कठुआ जिले के रहने वाले अरुण चौधरी को रखा गया था। अरुण अक्टूबर 2024 में जेल में लाया गया था। घटना रविवार रात करीब 2:30 बजे हुई, जब दोनों के बीच झगड़ा हुआ।
अब्दुल रहमान को 2 मार्च 2025 को दो हैंड ग्रेनेड के साथ पाली गांव के पास गिरफ्तार किया गया था। उस पर अयोध्या को दहलाने की साजिश का आरोप था। अब्दुल उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर का रहने वाला था। उसके पास राम मंदिर से जुड़ी जानकारी वाले वीडियो और दो हैंड ग्रेनेड बरामद हुए थे। गुजरात और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में उसे गिरफ्तार किया गया था।
जानकारी के अनुसार, अब्दुल रहमान मटन शॉप चलाता था और राम मंदिर से करीब 10 किलोमीटर दूर रहता था। जांच में यह सामने आया कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी उसे निशाना बनाकर भारत में आतंकी साजिश को अंजाम देने की योजना बना रही थी। वह हैंड ग्रेनेड की डिलीवरी लेने के लिए फैजाबाद से फरीदाबाद आया था।