• July 17, 2026

सोने की कीमतों में उछाल से गोल्ड लोन का ग्राफ बढ़ा

 सोने की कीमतों में उछाल से गोल्ड लोन का ग्राफ बढ़ा
नई दिल्ली। सोने की कीमतों में उछाल से गोल्ड लोन का ग्राफ बढ़ा है। लोग सोना गिरवी रखकर लोन ले रहे हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने कहा कि बैंकों ने असुरक्षित ऋणों से हटकर सोने को गिरवी रखकर कर्ज देने की ओर रुख किया है। इसकी वजह से गोल्ड लोन में तेजी आई है। बहरहाल इस समय की बैंकिंग व्यवस्था में यह वृद्धि चिंता का कारण नहीं है।
रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा,‘हम सभी पोर्टफोलियो की समीक्षा कर रहे हैं। इसमें गोल्ड लोन, एमएसएमई ऋण, पर्सनल लोन सहित सभी श्रेणियां शामिल हैं। सभी श्रेणियों में संपत्ति की गुणवत्ता बेहतर नजर आ रही है और चूक कम है। ऐसे में चिंता का कोई विषय नहीं है। गोल्ड लोन के मामले में एलटीवी (लोन टु वैल्यू) अनुपात काफी कम है, हालांकि हमने 85 प्रतिशत तक की उच्चतम सीमा दे रखी है, जो ऋण की राशि पर निर्भर होता है। लेकिन बैंकों द्वारा एलटीवी अनुपात का पालन किया जा रहा है और बैंकों के साथ एनबीएफसी ने इसे बहुत निचले स्तर पर बनाए रखा है।’