ठंडी हवाओं का दौर जारी, 5 को बारिश के असर

 ठंडी हवाओं का दौर जारी, 5 को बारिश के असर
नई दिल्ली। मौसम पर एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ और पश्चिमी जेट स्ट्रीम का प्रभाव दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 5 और 6 फरवरी को दिल्ली एनसीआर , जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में घना कोहरा और तेज ठंडी हवाएं लोगों को सामान्य तापमान के बावजूद ज्यादा ठंड का अहसास करा रही हैं। दक्षिण भारत के कुछ तटीय क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार इस समय उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब क्षेत्र के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ ऊंचाई पर चक्रवाती प्रसार के रूप में सक्रिय है, जिसके साथ ऊपरी वायुमंडल में एक ट्रफ भी बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी पंजाब और आसपास के इलाकों में भी चक्रवाती परिसंचरण दर्ज किया गया है। इन सभी प्रणालियों का संयुक्त असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम को लगातार अस्थिर बनाए हुए है। ऊपरी वायुमंडल में उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी असाधारण रूप से मजबूत बनी हुई है। पूर्वोत्तर भारत के ऊपर लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर इसकी गति करीब 130 नॉट्स मापी गई है। यही तेज जेट स्ट्रीम पश्चिमी विक्षोभों को और ऊर्जा दे रही है, जिससे पहाड़ी इलाकों में बारिश और हिमपात की गतिविधियां तेज हो रही हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि पांच फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में प्रवेश कर सकता है, जबकि 8 फरवरी की रात से एक और नया सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी का सिलसिला बना रह सकता है। विशेष रूप से 5 और 6 फरवरी, को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।