लीबिया के पूर्व तानाशाह गद्दाफी के बेटे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

 लीबिया के पूर्व तानाशाह गद्दाफी के बेटे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
त्रिपोली। लीबिया की राजनीति में एक बार फिर उथल-पुथल मच गई है। पूर्व तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी के बेटे और कभी सत्ता के दावेदार रहे सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी की जिंतान शहर में मौत हो गई। मौत के हालात साफ नहीं हैं, लेकिन इस घटना ने लीबिया की अस्थिर सुरक्षा व्यवस्था और लंबे राजनीतिक संघर्ष को फिर चर्चा में ला दिया है।
लीबिया की राजनीति से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पूर्व तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी के बेटे और कभी सत्ता का उत्तराधिकारी माने जाने वाले सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी की मौत हो गई है। उनकी उम्र 53 साल थी। लीबिया के अधिकारियों ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की है। देखा जाए तो पश्चिमी लीबिया के जिंतान शहर में हुई इस घटना ने एक बार फिर देश की अस्थिर सुरक्षा स्थिति और लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक संघर्ष को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
पश्चिमी लीबिया के दो सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, सैफ अल-इस्लाम की मौत जिंतान शहर में हुई, जो राजधानी त्रिपोली से करीब 136 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर जानकारी दी, क्योंकि उन्हें मीडिया को जानकारी देने की अनुमति नहीं थी।
सैफ अल-इस्लाम के वकील ने दी जानकारी
सैफ अल-इस्लाम के वकील खालिद अल-जैदी ने फेसबुक पोस्ट के जरिए उनकी मौत की पुष्टि की, लेकिन उन्होंने भी कोई विवरण साझा नहीं किया। वहीं, अब्दुल्ला ओथमान अब्दुर्रहिम, जो संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में हुई राजनीतिक बातचीत के दौरान सैफ अल-इस्लाम का प्रतिनिधित्व कर चुके थे, उन्होंने भी फेसबुक पर उनके निधन की जानकारी दी।