दिल्ली में छाई धुंध की परत, दो दिन बारिश की चेतावनी

 दिल्ली में छाई धुंध की परत, दो दिन बारिश की चेतावनी
नई दिल्ली। दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर  बढ़ा हुआ है। राजधानी के ऊपर धुंध की मोटी परत छाई हुई है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, इस क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक 340 दर्ज किया गया है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। वहीं दूसरी तरफ ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता लगभग शून्य हो गई।
मौसम विभाग का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि वीकेंड पर इन क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। यह मौसमी बदलाव हिमालय में बन रहे एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है।
31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच यह पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसके परिणामस्वरूप अगले तीन दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है। पिछले दो दिनों से दिल्ली में बादल छाए हुए हैं, और जल्द ही बारिश से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
दो दिन बारिश की चेतावनी
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 31 जनवरी से 1 फरवरी तक बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आज शाम से हल्की बारिश शुरू होने की संभावना है, जबकि रविवार को रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। पिछले तीन दिनों से तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है, बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री था जो शुक्रवार को 7.7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।
मौसम विभाग ने बताया है कि 31 जनवरी से 2 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस मौसमी बदलाव के कारण 2 फरवरी तक रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रह सकती है।
मौसम विभाग द्वारा जारी येलो अलर्ट के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 20-22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6-8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। रविवार को अधिकतम तापमान 17-19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11-13 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। सोमवार, 2 फरवरी की सुबह भी हल्की बारिश हो सकती है। 3 फरवरी से मौसम के साफ होने की उम्मीद है।