कुवैत से दिल्ली आ रहे फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी

 कुवैत से दिल्ली आ रहे फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी

अहमदाबाद। कुवैत से दिल्ली आ रही फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद हड़कंप मच गया है। जिसके बाद फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। धमकी भरा नोट एक टिशू पेपर पर लिखा मिला। बीते कुछ वक्त से विमानों को बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल और काल्स मिल रही हैं। इस बीच शुक्रवार को अब कुवैत से दिल्ली आ रहे इंडिगो के विमान को बम से उड़ाने और हाईजैक करने की धमकी दी गई, जिसके बाद सतर्कता बरतते हुए विमान की अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

हाईजैक करने और बम से उड़ाने की धमकी

जानकारी के मुताबिक एक टिशू पेपर पर लिखे नोट में प्लेन को हाईजैक करने और बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जिसके बाद सभी 180 यात्रियों और उनके सामान की अच्छी तरह से जांच की गई और हर यात्री की पहचान की पुष्टि की जा रही है। इधर, विमान की सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एसवीपीआईए) पर सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई गई है।

सुरक्षा एजेंसियां एक्टिव, जांच जारी

धमकी भरा नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां फौरन सक्रिय हो गई है। फिलहाल हवाई अड्डे के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अभी तक किसी भी तरह की संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के अनुसार बम निरोधक दस्ते ने विमान की पूरी तरह से जांच की है। सुरक्षा जांच पूरी हो चुकी है और प्रोटोकॉल के अनुसार आगे की जांच जारी है। वहीं दिल्ली के लिए उड़ान में लगभग दो घंटे की देरी हो सकती है।