उत्साहपूर्ण तरीके से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय उत्कर्ष योग मिशन का गणतंत्र दिवस समारोह 2026
देहरादून -देश के प्रसिद्ध योग गुरु एवं मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. सत्येन्द्र सिंह के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय उत्कर्ष योग मिशन द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह वर्ष 2026 को अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। यह आयोजन उत्कर्ष योग मिशन के मुख्यालय प्रेरणा भवन देहरादून, उद्गम स्थल उत्कर्ष पार्क 8 आर.के. पुरम दिल्ली, रेवाड़ी केंद्र हरियाणा तथा उदालगुड़ी केंद्र असम में प्रभात फेरी निकालते हुए भव्य रूप से संपन्न हुआ। सभी केंद्रों पर गणमान्य व्यक्तियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और बड़ी संख्या में युवाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

तिकोना पार्क आर.के. पुरम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि उत्कर्ष योग मिशन स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कार और व्यवहार के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है तथा अपने इसी उद्देश्य के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है।

उन्होंने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि महर्षि पतंजलि के राजयोग, महात्मा बुद्ध के “अत्त दीपो भव”, भगवान महावीर के “क्षमा वीरस्य भूषणम”, गुरु नानक देव जी के “एक नूर ते सब जग उपजा” और गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन दर्शन से योग और संयमित जीवन का वास्तविक स्वरूप समझा जा सकता है।

डॉ. सिंह ने देश के वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे Early to bed और Early to rise के महत्व को समझें तथा स्वास्थ्य और शिक्षा के समन्वय को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि महर्षि पतंजलि के अष्टांग योग मार्ग को नियमित और संयमित जीवन में अपनाकर ही सुखमय और आनंदमय जीवन संभव है। यदि युवा इन महान विचारों और महापुरुषों के सूत्रों को आत्मसात करें तो वे अवसाद, तनाव और मानसिक पीड़ाओं से मुक्त होकर सच्चे अर्थों में स्वतंत्र जीवन जी सकते हैं।

उन्होंने बताया कि उत्कर्ष योग मिशन देशभर के स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, संगठनों और संस्थानों में “उत्कर्ष योग का एक ही नारा, हर घर हो स्वस्थ, शिक्षित, संगठित व संस्कारवान हमारा” के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। मिशन युवाओं को योग के प्रायोगिक और वैज्ञानिक पक्ष को अपनाने, नियमित योग अभ्यास करने तथा शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और भावनात्मक रूप से स्वस्थ रहकर अपने लक्ष्यों की प्राप्ति और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. सत्येन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 7:30 बजे तक चलने वाले निशुल्क योग कार्यक्रमों से देश-विदेश के लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन जुड़कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें सांसदों से लेकर समाज के सभी वर्गों की सहभागिता देखी जा रही है। विशेष रूप से छोटे बच्चों, छात्र एवं छात्राओं में इस कार्यक्रम को लेकर अत्यधिक उत्साह देखा जा रहा है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2026 को प्रेरणा भवन शांति कॉलोनी बनियावाला देहरादून, तिकोना पार्क आर.के. पुरम दिल्ली सहित अन्य केंद्रों पर आयोजित भव्य समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर इसे यादगार बना दिया ।
