डिप्टी सीएम के निधन से महाराष्ट्र में शोक की लहर, बारामती में पहुंचे समर्थक

 डिप्टी सीएम के निधन से महाराष्ट्र में शोक की लहर, बारामती में पहुंचे समर्थक
मुंबई। बारामती में अजित पवार के निधन से पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बारामती में एनसीपी के समर्थकों का पहुंचना जारी है। वहीं महाराष्ट्र के नेताओं ने हादसे में अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त की हैं।
महाराष्ट्र की राजनीति में आज एक युग का अंत हो गया है। राज्य के उपमुख्यमंत्री और दिग्गज नेता अजित पवार का बारामती के पास एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया, जिससे पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। यह हादसा पुणे जिले के बारामती में हुआ, जो उनका अपना राजनीतिक गढ़ माना जाता है। इस खबर के मिलते ही पूरे महाराष्ट्र और विशेषकर बारामती के लोग गहरे सदमे में हैं। अपने चहेते नेता के अचानक जाने से हर कोई स्तब्ध है। इस घटना से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। कई दलों के नेताओं ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
रक्षा मंत्री ने जताया दुख
इस दुखद घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया है उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजीत पवार के असामयिक निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ है। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वे महाराष्ट्र के विकास और समृद्धि के प्रति समर्पित रहे। वे जनहित में अपनी करुणा और लोकसेवा के प्रति अटूट निष्ठा के लिए जाने जाते थे। मैं उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।”
केंद्रीय मंत्री ने सीआर पाटिल ने जताया दुख
उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की चार्टर विमान दुर्घटना में मृत्यु पर केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने दुख जताया है उन्होंने कहा, “अजीत पवार जी ने महाराष्ट्र की राजनीति में अपना एक विशेष स्थान बनाया था। यह उनके परिवार और राज्य के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।
इमरान मसूद बोले अजित पवार के निधन बहुत दुखद
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की चार्टर विमान दुर्घटना में मृत्यु पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, “इतने ऊर्जावान नेता का अचानक निधन बहुत दुखद है। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।”