पीएम मोदी और गृहमंत्री ने सीएम फडणवीस से ली हादसे की जानकारी, दलों के नेताओं ने व्यक्त की प्रतिक्रिया

 पीएम मोदी और गृहमंत्री ने सीएम फडणवीस से ली हादसे की जानकारी, दलों के नेताओं ने व्यक्त की प्रतिक्रिया
मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बुधवार सुबह महाराष्ट्र के बारामती में विमान हादसे में मौत हो गई। लियरजेट-45 विमान में कुल छह लोग सवार थे, लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। हादसे में किसी की जान नहीं बच सकी। अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजनीति में सदमे की स्थिति है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर हादसे के तकनीकी कारणों की तलाश जारी है। हादसे के बारे में पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस से जानकारी ली है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और पांच अन्य लोगों की मौत बुधवार सुबह पुणे जिले में एक विमान दुर्घटना में हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब विमान पुणे के बारामती में लैंडिंग कर रहा था। इस घटना से देश भर में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात की है और हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।
हादसे के बाद किसने क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, ‘यह सामाजिक और राजनीतिक दोनों ही क्षेत्रों के लिए बेहद दुखद घटना है। पिछले कई दशकों में ऐसी घटना देखने को नहीं मिली। वह देश के जाने-माने नेता थे और ऐसे नुकसान की भरपाई करना बेहद कठिन होगा।’
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, ‘विमान हादसे को लेकर मिली जानकारी बेहद दुखद और परेशान करने वाली है।’
समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने कहा, ‘यह बहुत दुखद खबर है। ईश्वर उनकी रक्षा करें।’
विज्ञापन
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेन्द्र राजपूत ने कहा, ‘अजीत पवार के विमान हादसे की खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं। अभी मैं भगवान से प्रार्थना कर रहा हूं क्योंकि मुझे अभी तक उनकी मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी नहीं मिली है। मुझे बताया गया है कि उन्हें घायल अवस्था में चार्टर्ड विमान से मुंबई ले जाया गया। हम सब उनकी कुशलता की कामना कर रहे हैं। बारामती में हुआ भयावह हादसा सुनकर मैं हतप्रभ हूं और इस घटना की हर पहलू से जांच होनी चाहिए कि कहीं यह कोई साजिश तो नहीं थी और यह हादसा कैसे हुआ।’
केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, ‘यह बहुत चौंकाने वाली और दुखद खबर है। मैं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’