अब EPF निकासी हो गई आसान, ये है नियम व शर्तों का गणित

 अब EPF निकासी हो गई आसान, ये है नियम व शर्तों का गणित

नई दिल्ली। ईपीएफओ सदस्य जल्द ही यूपीआई के जरिये सीधे अपने बैंक खाते से भविष्य निधि (पीएफ) निकाल सकेंगे। यह नई सुविधा अप्रैल 2026 से शुरू होगी। इस कदम का उद्देश्य करीब आठ करोड़ सदस्यों के लिए निकासी प्रक्रिया को आसान बनाना है। हालिया बदलावों में आंशिक निकासी के नियमों को भी सरल बनाया गया है और ऑटो-सेटलमेंट की सीमा भी बढ़ाई गई है।

BHIM एप से सीधा कनेक्शन

अप्रैल महीने से आपको जटिल ऑनलाइन पोर्टल्स पर उलझने की जरूरत नहीं होगी। जैसे ही आप एप खोलेंगे, आपको दो तरह का बैलेंस दिखेगा:

Eligible Balance वह पैसा, जो आप तुरंत निकाल सकते हैं। Minimum Balance वह 25% हिस्सा, जो आपके भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जाएगा।

25 हजार रुपये की लक्ष्मण रेखा

सुरक्षा के लिहाज से शुरुआत में 25 हजार रुपये प्रति ट्रांजेक्शन की सीमा तय की गई है, यानी आप एक बार में इससे ज्यादा नहीं निकाल पाएंगे।

किस PIN से निकलेगा फंड?

EPF सब्सक्राइबर्स को लेन-देन पूरा करने के लिए अपने लिंक किए गए UPI PIN का उपयोग करने की अनुमति दी जाएगी। एक बार फंड खाते में ट्रांसफर हो जाने के बाद, EPFO सदस्य अपनी इच्छानुसार उस पैसे का उपयोग कर सकते हैं।