चिली के जंगल की आग से 19 की मौत, 1500 बेघर
नई दिल्ली। चिली के जंगल में लगी आग में अब तक 19 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 1500 से अधिक बेघर हो गए हैं। राष्ट्रीय आपदा निवारण सेवा ने बताया कि दक्षिण अमेरिकी देश में सोमवार को भी पांच बड़ी जंगल की आग सक्रिय थी, और ग्रीष्म ऋतु की लू के कारण तापमान सामान्य से अधिक था।
चिली के राष्ट्रपति गैब्रियल बोरिक ने मध्य बायोबियो और पड़ोसी न्युबल क्षेत्रों में आपदा की घोषणा की। आपातकाल की घोषणा से जंगल की आग पर काबू पाने के लिए सेना के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।बोरिक ने सोमवार सुबह अपने एक्स अकाउंट पर कहा कि मौसम की स्थिति प्रतिकूल है, जिसका मतलब है कि कुछ जगहों पर आग फिर से भड़क सकती है।
चिली में गर्मी के मौसम में उच्च तापमान और शुष्क मौसम के कारण जंगल में आग लगना आम बात है। मध्य और दक्षिणी चिली में लगी आग की मौजूदा घटना हाल के वर्षों में सबसे घातक घटनाओं में से एक है। 2024 में चिली के मध्य तटीय क्षेत्र में लगी भीषण आग में कम से कम 130 लोग मारे गए, जो 2010 के विनाशकारी भूकंप के बाद देश की सबसे घातक प्राकृतिक आपदा बन गई।
