भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए निर्वाचन मंडल ने सौंपा अपना समर्थन पत्र
नई दिल्ली-भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया सोमवार को निर्धारित समय पर पूरी कर ली गई। दोपहर 2 से 4 बजे के बीच नामांकन दाखिल किए गए, जिसमें पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। उनके नामांकन का समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने किया।
शाम 4 से 5 बजे के बीच नामांकन पत्रों की जांच हुई, जिसमें सभी कागजात सही पाए गए। इसके बाद शाम 5 से 6 बजे तक नामांकन वापस लेने की अवधि समाप्त हो गई, लेकिन इस दौरान कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं आया। इसके साथ ही नितिन नबीन के निर्विरोध चुने जाने की तस्वीर लगभग साफ हो गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को औपचारिक रूप से भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। आवश्यकता न होने की स्थिति में मतदान नहीं होगा। यदि निर्विरोध निर्वाचन की पुष्टि होती है तो नितिन नबीन कल औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण करेंगे।
बिहार से पांच बार विधायक रह चुके नितिन नबीन को हाल ही में पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। अब उनके भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
