कोहरे का कहर: सात बहनों के इकलौते भाई की हादसे में मौत
- उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय
Political Trust
- January 18, 2026
- 0
- 41
- 1 minute read
मुज़फ्फरनगर। देर रात घने कोहरे के कारण हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात बहनों के इकलौते भाई की मौत हो गई। पीनना बाईपास के पास बाइक डिवाइडर से टकराने के कारण यह हादसा हुआ। मृतक युवक एक पेपर मिल में मजदूरी करता था। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर पेपर मिल के बाहर शव रखकर हंगामा किया।
हादसा देर रात करीब एक बजे नगर कोतवाली क्षेत्र के पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीनना बाईपास के समीप हुआ। तितावी थाना क्षेत्र के ग्राम अलीपुर कलां निवासी 38 वर्षीय सन्नी पुत्र कृष्णपाल भोपा रोड स्थित सिल्वर टोन पेपर मिल में अपनी शिफ्ट पूरी कर घर लौट रहा था। घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की वजह से सन्नी की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
