• July 17, 2026

हथियार तस्करी के आरोप में दो इस्राइली गिरफ्तार

 हथियार तस्करी के आरोप में दो इस्राइली गिरफ्तार
नई दिल्ली। इस्राइल सुरक्षा एजेंसी शिन बेट और इस्राइल पुलिस की कार्रवाई में हथियारों से जुड़े एक मामले का खुलासा किया गया है। जांच के तहत दो इस्राइल अरब नागरिकों और एक फलस्तीनी व्यक्ति को आतंकियों तक हथियार पहुंचाने के शक में गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को इस मामले की जानकारी सार्वजनिक की गई। गिरफ्तार किए गए लोगों में लोड शहर के रहने वाले 25 वर्षीय हमदान इस्साम अबू लेबेडा और 25 वर्षीय मोहम्मद हसन खलील अमसाद शामिल हैं। इनके अलावा सामरिया इलाके के उर्ता गांव के निवासी 33 वर्षीय अहमद मोहम्मद सालेह अवाद को भी हिरासत में लिया गया है।
जांच की शुरुआत तब हुई जब मोहम्मद अमसाद को यहूदिया और सामरिया क्षेत्र में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। उसके पास से एम 16 राइफल की 500 से ज्यादा गोलियां बरामद की गईं। गिरफ्तारी के बाद उससे शिन बेट ने पूछताछ की। पूछताछ में अमसाद ने बताया कि ये गोलियां अहमद अवाद को दी जानी थीं। जांच एजेंसियों का कहना है कि अवाद का यहूदिया और सामरिया में सक्रिय आतंकवादी संगठनों से संपर्क है और वह उन्हें हथियार दिलाने में मदद करता है।