53.28 करोड़ की जीएसटी चोरी मामले में खनन कंपनी का निदेशक गिरफ्तार
नई दिल्ली। नगालैंड में दो खनन कंपनियों के निदेशक को 53.28 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि दीमापुर स्थित सीजीएसटी चोरी रोधी इकाई, धोखाधड़ी से फर्जी चालान जारी करने के मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान फर्जीवाड़े का पता चला। गिरफ्तार आरोपी बेंडांगतोशी माइनिंग प्रालि. और केविथो माइनिंग प्रालि. के निदेशक अतीक उर रहमान बरभुइया के रूप में हुई है। ये दोनों कंपनियां कोयला आपूर्ति का काम करती हैं।अधिकारियों ने बताया कि जीएसटी रिटर्न की जांच से पता चला कि दोनों कंपनियों ने धोखाधड़ी से क्रमशः 27.52 और 25.76 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट हासिल किया। जांच में यह भी पाया गया कि कंपनियों ने माल की आवाजाही के बिना चालान जारी किए और ई-वे बिल, परिवहन रिकॉर्ड और बैंक स्टेटमेंट जैसे दस्तावेज पेश नहीं किए।
