खेलों एवं चरित्र निर्माण का बहुत नजदीकी रिश्ता है, खिलाड़ी हमेशा टीम वर्क में विश्वास करते हैं और कभी किसी के प्रति बेरभाव नही रखते और राष्ट्र के सम्मान के लिए खेलते हैं — मनोज तिवारी
नई दिल्ली, 13 जनवरी: पूर्वी दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सांसद मनोज तिवारी द्वारा आयोजित प्रथम सेलिब्रिटी क्रिकेट मैच का उद्घाटन दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने किया। इस मैच में भोजपुरी और हरियाणवी फिल्मों से जुड़े कई कलाकारों और लोक गायकों ने भाग लिया।
मैच भोजपुरी दबंग और हरियाणा हीरोज टीमों के बीच खेला गया। इस मौके पर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष आर्यन मान और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की दिल्ली इकाई के संगठन मंत्री राम कुमार भी उपस्थित रहे।
दर्शकों को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि भाजपा संगठन और पार्टी के नेता सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “खेलेगा इंडिया तो खिलेगा इंडिया” के आह्वान को सफल बनाने के साथ “फिट इंडिया” के संकल्प को पूरा करने के लिए कटिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह मैच हो या सांसद खेल प्रतियोगिता, सांसद मनोज तिवारी पूरी निष्ठा से खेलों को बढ़ावा देने में सक्रिय रहते हैं-चाहे वह उनका संसदीय क्षेत्र हो, पूरी दिल्ली हो या फिर मुंबई एवं दक्षिण भारत के फिल्म सेलिब्रिटीज़ के बीच आयोजित खेल प्रतियोगिताएं।
इस अवसर पर सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि खेलों और चरित्र निर्माण का गहरा संबंध है। खिलाड़ी हमेशा टीम वर्क में विश्वास करते हैं, किसी के प्रति दुर्भाव नहीं रखते और राष्ट्र के सम्मान के लिए खेलते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे किसी न किसी खेल से अवश्य जुड़ें, क्योंकि खेल जीवन के रोजमर्रा के तनावों से बाहर निकलने का सशक्त माध्यम हैं।
