स्कूल के अंदर फंदे से लटका मिला BLO का शव, परिवार ने SIR काम के दबाव का आरोप लगाया
कोलकाता। मुर्शिदाबाद जिले में एक प्राथमिक स्कूल के अंदर बीएलओ हमीमुल इस्लाम का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। परिवार ने आरोप लगाया कि शिक्षक-बीएलओ की दोहरी जिम्मेदारी के साथ-साथ SIR से जुड़े बढ़ते काम के दबाव के चलते उनकी मौत हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां एक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) का शव स्कूल के अंदर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।मृतक की पहचान हमीमुल इस्लाम के रूप में हुई है। वे पैकमारी चार कृष्णापुर बॉयज प्राइमरी स्कूल में शिक्षक थे। इसके साथ ही वे खरीबोना ग्राम पंचायत के अंतर्गत पूर्वा अलाइपुर गांव के एक मतदान केंद्र में बीएलओ के तौर पर भी काम कर रहे थे।
मामले में रणीतला थाना पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार देर रात सामने आई। स्थानीय लोगों ने पैकमारी चार इलाके में स्कूल के अंदर एक कमरे में उनका शव देखा और पुलिस को सूचना दी। वहीं परिवार के सदस्यों ने बताया कि हमीमुल इस्लाम शनिवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटे।
काफी खोजबीन के बाद फंदे से लटका मिला शव
इसके बाद जब काफी देर तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद शनिवार रात उनका शव स्कूल परिसर के एक कमरे में फांसी पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
