तेज प्रताप यादव जेजेडी का करेंगे विस्तार, बंगाल, यूपी और दिल्ली में लड़ेगे चुनाव

 तेज प्रताप यादव जेजेडी का करेंगे विस्तार, बंगाल, यूपी और दिल्ली में लड़ेगे चुनाव

पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के पुत्र तेज प्रताप यादव ने जेजेडी के विस्तार का एलान करते हुए बंगाल, यूपी और दिल्ली चुनाव लड़ने की बात कही है। इसी बीच रोहिणी आचार्य के आरोपों ने यादव परिवार की अंदरूनी कलह को फिर उजागर कर दिया। जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने पार्टी के विस्तार को लेकर बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि जेजेडी आने वाले चुनावों में अपनी मौजूदगी बढ़ाएगी और पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनावों के साथ-साथ दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव भी लड़ेगी। यह बयान ऐसे समय आया है, जब यादव परिवार के भीतर बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है।

तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बातचीत में साफ किया कि पार्टी अब सीमित दायरे में नहीं रहना चाहती। पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में संगठन खड़ा किया जाएगा। 2027 के विधानसभा चुनावों में उम्मीदवार उतारे जाएंगे। दिल्ली में होने वाले एमसीडी चुनाव भी लड़े जाएंगे। तेज प्रताप ने कहा कि पार्टी का फोकस विस्तार पर है और जमीनी स्तर पर तैयारी शुरू हो चुकी है।

रोहिणी आचार्य के पोस्ट पर बोले तेज प्रताप?

रोहिणी आचार्य के हालिया रहस्यमय सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए तेज प्रताप ने तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वे पहले से ही जयचंद किस्म के तत्वों की ओर इशारा करते रहे हैं, लेकिन उन्हें ही पार्टी में अलग-थलग कर दिया गया। तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि रोहिणी के साथ हुआ व्यवहार निंदनीय है और यह सब एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।