युवक ने की राम मंदिर के दक्षिणी परकोटे के पास नमाज पढ़ने की कोशिश

 युवक ने की राम मंदिर के दक्षिणी परकोटे के पास नमाज पढ़ने की कोशिश
अयोध्या। अयोध्या के राम मंदिर परिसर में एक युवक द्वारा नमाज पढ़ने की कोशिश का मामला सामने आया है। सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने समय रहते युवक को रोक लिया।
राम मंदिर परिसर में शनिवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। एक मुस्लिम युवक राम मंदिर के दक्षिणी परकोटे के पास नमाज पढ़ने की कोशिश कर रहा था, हालांकि वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो वह संप्रदाय विशेष के नारे लगाने लगा। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे धर दबोचा और थाना रामजन्मभूमि पुलिस के हवाले कर दिया।
थाने में पुलिस और खुफिया एजेंसियां युवक से पूछताछ कर रही हैं। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि युवक से पूछताछ की जा रही है। वहीं, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है, साथ ही वह कहां से और कैसे राम मंदिर में पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।