यूपी में सपा सांसद के इलाके में अवैध रूप से संचालित मिनी पवार हाउस पकड़ा, बिजली चोरों में हड़कंप

 यूपी में सपा सांसद के इलाके में अवैध रूप से संचालित मिनी पवार हाउस पकड़ा, बिजली चोरों में हड़कंप
मुरादाबाद। संभल में बिजली चोरी के खिलाफ प्रशासन ने अभियान चलाया। डीएम और एसपी देर रात सड़कों पर उतरे और भारी पुलिस बल के साथ शहर में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। अफसरों को देखकर हड़कंप मच गया। छापेमारी अभियान के दौरान डीएम, एसपी के साथ अन्य अफसरों की टीम भी मौजूद रही।
रात के अंधेरे में डीएम डॉ राजेंद्र पैसिया और एसपी कृष्ण विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस, पीएसी और बिजली विभाग की संयुक्त टीमों ने रायसत्ती, दीपा सराय, सराय तरीन, नबाबखेल, गुन्नौर और बबराला समेत कई इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान एक घर में अवैध रूप से संचालित मिनी पावर स्टेशन पकड़ा गया, जिसके जरिए करीब 50 से 60 घरों को चोरी की बिजली सप्लाई की जा रही थी। जांच में सामने आया कि यह पूरा सिस्टम भूमिगत था। अधिकारियों के अनुसार, एक शख्स ने अपने घर में अंडरग्राउंड मिनी पावर स्टेशन स्थापित कर रखा था। इसी सिस्टम के जरिए आसपास के दर्जनों मकानों, एक मस्जिद, दूध की डेयरी और अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट्स को बिजली सप्लाई दी जा रही थी। मौके से अवैध केबल, ट्रांसफार्मर जैसे उपकरण जब्त किए गए और सभी अवैध कनेक्शन तत्काल काट दिए गए। छापेमारी अभियान के दौरान डीएम, एसपी के अलावा सीओ संभल आलोक भाटी, सीओ असमोली कुलदीप सिंह, एएसपी कुलदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बताया गया कि कुछ इलाकों में लाइन लॉस 50 प्रतिशत तक पहुंच गया था, जिसे रोकने के लिए यह अभियान चलाया गया।
जानिए क्या बोले डीएम
डीएम डॉ. राजेंद्र पैसिया ने कहा कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन लोगों को चिन्हित किया गया है, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ी तो संपत्ति कुर्क करने तक की कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
सांसद जियाउर्रहमान बर्क के गृह क्षेत्र रायसत्ती और नखासा से अभियान की शुरुआत की गई। एक दर्जन से अधिक टीमें भारी पुलिस बल के साथ घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच में जुटीं। प्रशासनिक कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और बिजली चोरों में खौफ का माहौल है।