फ्रांस और लक्जमबर्ग के दौरे पर विदेश मंत्री जयशंकर

 फ्रांस और लक्जमबर्ग के दौरे पर विदेश मंत्री जयशंकर
नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने फ्रांस और लक्जमबर्ग की छह दिवसीय आधिकारिक यात्रा शुरू की है। इस दौरान वह दोनों देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ आपसी हितों से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर उच्चस्तरीय बातचीत करेंगे। विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, पेरिस में जयशंकर फ्रांस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और फ्रांस के विदेश मंत्री जां नोएल बारो के साथ वार्ता करेंगे। इन चर्चाओं में भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ वैश्विक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर विचार किया जाएगा। जयशंकर की फ्रांस यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका की ओर से वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को सैन्य अभियान में पकड़े जाने को लेकर चिंता जताई जा रही है। जयशंकर अगले महीने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की प्रस्तावित भारत यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। राष्ट्रपति मैक्रों एआई शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आने वाले हैं।
फ्रांस में फ्रेंच एंबेसडर्स कॉन्फ्रेंस को करेंगे संबोधित
फ्रांस प्रवास के दौरान विदेश मंत्री 31वें फ्रेंच एंबेसडर्स कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे। इस मंच से वह अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और वैश्विक सहयोग पर भारत का दृष्टिकोण साझा करेंगे। फ्रांस के बाद जयशंकर लक्जमबर्ग जाएंगे। वहां वह ग्रैंड डची ऑफ लक्जमबर्ग के विदेश मंत्री और उप प्रधानमंत्री जेवियर बेटेल तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।