गांधीनगर में टाइफाइड का कहर, गृहमंत्री ने संभाली कमान

 गांधीनगर में टाइफाइड का कहर, गृहमंत्री ने संभाली कमान
गांधीनगर। गुजरात के गांधीनगर में टाइफाइड का कहर बढ़ गया है। राजधानी गांधीनगर में टाइफाइड के 100 से अधिक संदिग्ध मामले मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को स्थिति से निपटने के लिए युद्धस्तर पर काम करने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार ने बताया कि कुछ दिन पहले गांधीनगर शहर के सेक्टर 24, 28 और आदिवाड़ा इलाके में पानी की पाइपलाइन में रिसाव के कारण टाइफाइड के संदिग्ध मामले सामने आए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत के आदेश दिए हैं। अब तक टाइफाइड के 113 संदिग्ध मामले पाए गए हैं। इनमें से इलाज के बाद 19 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 94 का गांधीनगर सिविल अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज चल रहा है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि गांधीनगर से लोकसभा सांसद शाह, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, जिला कलेक्टर और नगर आयुक्त के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।