BCCI का बड़ा एक्शन, KKR को मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने का फरमान, भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर भी बोले

 BCCI का बड़ा एक्शन, KKR को मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने का फरमान, भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर भी बोले
गाजियाबाद। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचार, हत्याओं और हिंसा के विरोध का असर अब भारत की सियासत से लेकर क्रिकेट तक साफ दिखाई दे रहा है। गाजियाबाद में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया है। कई नेताओं ने बांग्लादेश सरकार का खुलकर विरोध किया, वहीं फिल्म अभिनेता शाहरुख खान भी विवादों में आ गए।
शाहरुख खान की आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को खरीदने के बाद विवाद और तेज हो गया। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने इस पर आपत्तिजनक बयान दिए, वहीं भाजपा नेता संगीत सोम और हिंदूवादी नेता साध्वी प्राची ने भी इसका विरोध जताया।
बढ़ते राजनीतिक और सामाजिक दबाव के बीच अब बीसीसीआई ने इस मामले में बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश दिया कि वह अपने बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करे।
बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि अगर टीम किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की मांग करती है, तो उसे इसकी अनुमति दी जाएगी। इस फैसले के बाद लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि यह फैसला स्वागत योग्य है और उन्होंने शाहरुख खान की फिल्म के विरोध का इशारा भी किया। इस मामले ने क्रिकेट जगत और राजनीतिक हलकों में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है, और अब जनता और नेताओं की निगाहें आईपीएल और संबंधित फैसलों पर बनी हुई हैं।