सुकमा-बीजापुर में मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने नक्सली कमांडर मंगडु सहित 14 नक्सली ढेर किए

 सुकमा-बीजापुर में मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने नक्सली कमांडर मंगडु सहित 14 नक्सली ढेर किए
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाबलों बड़ी कामयाबी मिली है। जिले के कोन्टा-किस्टाराम इलाके के जंगलों में मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराने की खबर है। उधर, सुरक्षाबलों ने सुकमा जिले में भी दो नक्सलियों को मार गिराया है।
बस्तर रेंज में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीजापुर और सुकमा जिलों में चलाए गए सघन तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने कुल 14 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। इन नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में एके-47, आईएनएसएएस और एसएलआर राइफल जैसे अत्याधुनिक हथियार भी जब्त किए गए हैं।
दो जिलों में हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, बीजापुर और सुकमा जिलों के दक्षिणी इलाकों में सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। अभियान के तहत दक्षिण बस्तर क्षेत्र में डीआरजी की विशेष टीमों को रवाना किया गया था। ऑपरेशन के दौरान बीजापुर जिले में सुबह लगभग 5 बजे से डीआरजी और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी रही। वहीं, सुकमा जिले में भी सुबह लगभग 8 बजे सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग की स्थिति बनी हुई है।
14 नक्सलियों की लाश बरामद, हथियार जब्त
लगातार जारी मुठभेड़ों के बीच, अब तक तलाशी अभियान के दौरान मुठभेड़ स्थलों से कुल 14 नक्सलियों की लाश बरामद हुई है। इनमें बीजापुर जिले से 2 और सुकमा जिले से 12 माओवादी शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने इन नक्सलियों के पास से एके-47, आईएनएसएएस और एसएलआर राइफल सहित कई अन्य हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए हैं।