कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस पर खरगे ने फहराया ध्वज

 कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस पर खरगे ने फहराया ध्वज

नई दिल्ली। आज कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इंदिरा भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और कांग्रेस के 140 साल के इतिहास और योगदान को याद किया। वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करने हुए खरगे ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी और पार्टी के इतिहास और आदर्शों पर प्रकाश डाला। बता दें कि इंदिरा भवन में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

पार्टी अध्यक्ष खरगे ने लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस ये योगदान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस हमेशा भारतवासियों के कल्याण, सशक्तिकरण और समावेशी विकास के लिए काम करती रही है।

कांग्रेस के इतिहास को किया याद

खरगे ने आगे कहा कि कांग्रेस राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों में समान अवसर में विश्वास रखती है, जैसा कि भारतीय संविधान में दिया गया है। उन्होंने पार्टी के 140 साल पुराने गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा कि इसमें सत्य, अहिंसा, बलिदान, संघर्ष और देशभक्ति की महान गाथाएं शामिल हैं। खरगे ने सभी भारतीयों को कांग्रेस स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जय हिंद, जय कांग्रेस।

केंद्र सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी पार्टी के सदस्यों को बधाई दी। साथ ही सरकार पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी हमेशा देश के हित और न्याय के लिए लड़ती रही है, जबकि आज सत्ता में बैठे लोग घृणा, अन्याय और उत्पीड़न को बढ़ावा दे रहे हैं।