ओडिशा में 1.1 करोड़ रुपये के इनामी गणेश समेत छह नक्सली ढेर

 ओडिशा में 1.1 करोड़ रुपये के इनामी गणेश समेत छह नक्सली ढेर

भुवनेश्वर। ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में सीपीआई (माओवादी) का शीर्ष नेता गणेश उइके समेत छह नक्सली मारे गए हैं। यह मुठभेड़ चकापाद थाना क्षेत्र के घने जंगलों में हुई। उइके पर 1.1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था।

ओडिशा के कंधमाल जिले में गुरुवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में शीर्ष माओवादी नेता गणेश उइके समेत छह नक्सली मारे गए। राज्य में नक्सल विरोधी अभियान का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि, यह मुठभेड़ चकापाद पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले घने जंगलों में हुई।

नक्सली पर था 1.1 करोड़ इनाम

मारा गया गणेश उइके (69 वर्ष) सीपीआई (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य था और ओडिशा में इस प्रतिबंधित संगठन का प्रमुख था। जिस पर प्रशासन ने 1.1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। मूल रूप से तेलंगाना के नलगोंडा जिले का रहने वाला उइके, पक्का हनुमंतु और राजेश तिवारी जैसे कई नामों से भी जाना जाता था।

सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी उपलब्धि

पुलिस ने बताया कि इस सफल ऑपरेशन में गणेश उइके के अलावा पांच अन्य नक्सली भी मारे गए हैं, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। फिलहाल अन्य नक्सलियों की पहचान नहीं हो पाई है। सुरक्षा बलों के लिए इसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है क्योंकि उइके लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर था और क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों मे शामिल था। फिलहाल इलाके में अभी भी तलाश अभियान जारी है।